देहरादून नारी निकेतन में संवासिनी की मौत के मामले में मजिस्ट्रीयल जांच शुरू हो गई है। जांच अधिकारी नगर मजिस्ट्रेट अनुराधा पाल ने 23 जनवरी तक मौखिक और लिखित साक्ष्य मांगे हैं। यानी इस तिथि तक यदि किसी के पास कोई जानकारी हो तो वह कार्यदिवस में जाकर मजिस्ट्रेट को जानकारी दे सकता है।
गौरतलब है कि एक जनवरी को नारी निकेतन में रह रही एक मूक बधिर संवासिनी की तबीयत खराब हो गई थी। कर्मचारियों ने उसे दून अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।
इसके बाद जिला प्रोबेशन अधिकारी ने इस मामले की प्राथमिक जांच की तो स्थिति स्पष्ट नहीं हुई। जिलाधिकारी सी रविशंकर ने कई लोगों के बयानों में विरोधाभास की स्थिति के चलते इसकी मजिस्ट्रीयल जांच के आदेश दिए थे।
सोमवार को नगर मजिस्ट्रेट अनुराधा पाल ने इस मामले की जांच शुरू कर दी। मजिस्ट्रेट ने बताया कि यदि किसी भी व्यक्ति के पास इस संबंध में कोई जानकारी हो तो वह आगामी 23 जनवरी तक उनके पास लिखित और मौखिक साक्ष्य प्रस्तुत कर सकता है।