रायपुर क्षेत्र में हुई चोरी के आरोप में घर की नौकरानी और उसके पति को गिरफ्तार किया गया है। नौकरानी ने अपने पति को दिल्ली से बुलाकर चोरी कराई थी। दोनों के पास से आठ लाख रुपये के जेवरावत व नकदी बरामद हुई है। दोनों को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।
चोरी की यह वारदात गत 28 मई को हुई थी। एसओ कुंदन राम ने बताया कि पल्लव शर्मा निवासी एमडीडीए कॉलोनी ने घर में चोरी होने की शिकायत की थी। अंदर अलमारी के लॉकर को तोड़ा गया था। चोरों ने वहां से आठ लाख रुपये के जेवरात चोरी कर लिए थे। पल्लव शर्मा ने बताया था कि उनके घर में एक नौकरानी प्रीति रहती है। उसका पति दिल्ली में काम करता है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज देखे तो एक संदिग्ध का चेहरा दिखाई दिया। चोर ने मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था। पुलिस ने प्रीति से पूछताछ की तो उसने कोई वाजिब जवाब नहीं दिया। कहने लगी कि उसका पति काफी दिनों से दिल्ली में ही रह रहा है। लेकिन, जिस संदिग्ध की फोटो सीसीटीवी कैमरे में आई थी उसने एक टी-शर्ट पहनी थी। इस टी-शर्ट पर फूल बना हुआ था।
प्रीति के जब मोबाइल को देखा तो पता चला कि उसने अपने पति को घटना से कुछ देर पहले ही व्हाट्सएप पर कॉल की थी। उसकी फोटो गैलरी में एक फोटो ऐसा भी मिला जिससे संदिग्ध की टी-शर्ट का मिलान हुआ। घटना को अंजाम केवल छह मिनट में दिख गया था। इससे यह शक और भी मजबूत हुआ कि किसी परिचित ने ही चोरी की है। सख्ती से पूछताछ की तो प्रीति ने सारी बात कबूल कर ली। बताया कि उसका पति कुलदीप ही चोरी करने के लिए आया था। पुलिस ने कुलदीप को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी हुए सभी गहने और दो हजार रुपये नकद बरामद हुए।