महात्मा गांधी का जीवन देशभक्ति, सत्य, अहिंसा, सादगी और परोपकार की प्रेरणा देता है। देश को आजाद कराने के लिए उनके योगदान को देश कभी भूल नहीं सकता है। उन्होंने अंग्रेजों के अत्याचारों का जवाब अहिंसा रूपी हथियार से दिया था। वह समाज के हर वर्ग और हर तबके के लोगों के आदर्श हैं। युवाओं को भी उनके जीवन से आदर्श नागरिक बनने की प्रेरणा मिलती है।
महात्मा गांधी का जीवनवृत्त एक पाठशाला है। उनका मानना था कि जीवन में सिद्धांत और व्यवहार में एकरूपता होना बहुत जरूरी है। उन्होंने सच को सिद्धांत और अहिंसा को व्यवहार में शामिल कर समानता का जीवन जीने का संदेश दिया। अपने सिद्धांतों से उन्होंने अंग्रेजों को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया था। उनके दिखाए मार्ग का अनुसरण करने पर कठिन से कठिन चुनौती को भी पार करने की प्रेरणा मिलती है।
- कमल कवि कांडपाल
महात्मा गांधी ने नेतृत्व कौशल और सादगी भरे व्यवहार की अनूठी मिसाल पेश कर अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई में पूरे देश को एकजुट किया और अलग धर्म, जाति और विभिन्न प्रांतों में बंटे देश को आजादी के रंग में रंग दिया। हथियारों के बल पर राज करने वालों को अहिंसा के जोर से देश छोड़ने के लिए मजबूर कर दिया। उनका जीवन सदैव बुराई से लड़ने और अत्याचार का डटकर सामना करने के लिए प्रेरित करता रहेगा।
- भुवन फर्स्वाण
जिस दौर में समाज चुप रहने और अंग्रेजों के दमन को सहने में सलामती समझता था, महात्मा गांधी ने ऐसे समय में लोगों को नई दृष्टि दी और हिम्मत से बोलना सिखाया। धोती पहनने वाले फकीर के पीछे लाखों की तादाद में लोगों का अंग्रेजों के खिलाफ एकजुट होना, उनके जीवन की महानता को दर्शाता है। उनके विचार, सकारात्मक सोच के साथ जीवन जीने का नजरिया और समाज को एक समान भाव से देखना, आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
- भाष्कर भौर्याल