एक ओर पालिका प्रशासन जोर शोर से शहर के ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त कराने के दावे कर रहा है। पालिकाध्यक्ष भी आए दिन शहर की सड़कों पर घूम नालों की सफाई व्यवस्था का जायजा ले रहीं हैं। वहीं, सोमवार को हुई बारिश ने पालिका के इन इंतजामों की पोल खोल कर रख दी।
तेज बारिश के बीच क्षेत्र की कई सड़कें जलमग्न हो गईं। इसके चलते लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा मुश्किलों का सामना पैदल चलने वाले लोगों को करना पड़ा। क्षेत्र में सोमवार की देर रात से ही बारिश का दौर जारी है। सुबह के समय विकासनगर और आसपास के क्षेत्रों में बारिश की रफ्तार कम थी, लेकिन दोपहर बाद तेज बारिश का दौर शुरू हो गया। इसके चलते पालिका क्षेत्र अंतर्गत सिनेमा गली, एक्सचेंज रोड, सैय्यद मार्ग, पंजाबी कॉलोनी, 14 फुटा रोड, पंडित देवदत्त मार्ग, कॉलेज रोड, ओरिएंटल बैंक वाली गली आदि इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया। लोगों को आवाजाही में खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सिनेमा गली में जलभराव होने से पानी कई लोगों के घरों में भी जा घुसा।
वहीं, पालिकाध्यक्ष शांति जुंवाठा का कहना है कि शहर का ड्रेनेज सिस्टम 40 साल से भी ज्यादा पुराना है, जो अक्सर चोक हो जाता है। सफाई व्यवस्था का काम लगातार जारी है।
----
यहां भी हुआ जलभराव
विकासनगर। बारिश के बीच पालिका क्षेत्र के साथ ही आसपास के ग्रामीण अंचलों की सड़कें भी जलमग्न हो गईं। इन इलाकों में लंबे समय से सड़कों की मरम्मत नहीं हुई है। इस कारण भीमावाला, बरोटीवाला, भोजावाला, जीवनगढ़, अंबाड़ी में भी सड़कों पर पानी भर गया। इससे लोगों की आवाजाही मुश्किल हो गई।
देवीदत्त मार्ग पर हुआ जलभराव।- फोटो : VIKAS NAGAR