क्षेत्र में बीते एक सप्ताह से रसोई गैस की आपूर्ति पूरी तरह से ठप पड़ी है। ऐसे में उपभोक्ताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। परेशान लोग मिट्टी के चूल्हे मेें लकड़ी जलाकर खाना बनाने पर मजबूर हैं। लोगों ने मामले की शिकायत एसडीएम कालसी से भी कर दी है।
क्षेत्र से करीब 19 किमी. दूर कालसी स्थित पल्लवी गैस एजेंसी से रसोई गैस की आपूर्ति होती है। वर्तमान में एजेंसी से 300 उपभोक्ता जुड़े हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि क्षेत्र में नियमित रूप से गैस की आपूर्ति नहीं होती। बीते एक सप्ताह से आपूर्ति पूरी तरह चौपट हैं। रसोई गैस की आपूर्ति न होने के कारण लोगों को गैस लेने के लिए वाहन बुक कर 19 किमी. दूर स्थित गैस एजेंसी जाना पड़ रहा है। वहीं, कुछ लोग मिट्टी के चूल्हे पर खाना बनाकर गुजारा कर रहे हैं। संबंधित अधिकारियों को शिकायत करने के बाद भी समस्या का निस्तारण नहीं हो रहा है। उपभोक्ता ज्ञान सिंह राय, इंदर सिंह, गुमान सिंह चौहान, प्रताप सिंह, अमर सिंह तोमर का कहना है कि एजेंसी पर संपर्क करने पर उन्हें प्लांट से ही गैस आपूर्ति कम होने की बात कहकर टाला जा रहा है। एसडीएम डॉ. अपूर्वा सिंह ने बताया कि मामले में जल्द ही एजेंसी धारक से वार्ता कर आपूर्ति को सुचारु कराया जाएगा।