15 मार्च को सबसे ज्यादा 90 हजार बुकिंग की गई
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। अपर खाद्य आयुक्त पीएस पांगती ने कहा, राज्य में एलपीजी सिलिंडरों का वितरण सामान्य बना हुआ है। एक मार्च 2026 से अब तक 18 लाख से अधिक सिलिंडर घरों तक पहुंचाए गए हैं। वहीं, पिछले 22 दिन में एलपीजी सिलिंडरों की बुकिंग घटकर आधी हो गई है।
अपर खाद्य आयुक्त ने मीडिया से वार्ता में कहा, 15 मार्च को राज्य में सबसे ज्यादा पैनिक बुकिंग की गई, जिसकी संख्या 90 हजार थी। छह अप्रैल को स्थिति सामान्य हुई है, जिसकी संख्या 45 हजार रही। राज्य में होटल, रिजॉर्ट, रेस्टोरेंट, ढाबा, गेस्ट हाउस, पेइंग गेस्ट सुविधा, विवाह समारोह एवं उद्योगों को हर दिन छह हजार 310 सिलिंडर दिए जा रहे हैं। वहीं, राज्य में प्रवासी श्रमिकों एवं विद्यार्थियों के लिए पांच किलोग्राम का छोटू सिलिंडर (एफटीएल-फ्री ट्रेड एलपीजी) पहचान पत्र पर किसी भी गैस एजेंसी से प्राप्त किया जा सकता है। अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों को नियमित रूप से गैस की आपूर्ति की जा रही है। व्यवसायिक एलपीजी सिलिंडरों के लिए 66 फीसदी वितरण की एसओपी जारी की गई है। निगरानी और अनुपालन के तहत जमाखोरी और कालाबाजारी पर 6,205 निरीक्षण और 373 छापे मारे गए हैं, जिनके परिणामस्वरूप 19 एफआईआर दर्ज की गई, अब तक सात गिरफ्तारियां हुईं और 16 लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं।
अग्रिम रूप से दिया जा रहा राशन
अपर खाद्य आयुक्त ने कहा, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत अंत्योदय एवं प्राथमिक परिवारों को तीन माह का राशन माह अप्रैल में अग्रिम रूप से दिया जा रहा है।