फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

निर्माणाधीन बिजली घर में देर रात बदमाशों ने बोला धावा, मजदूरों को बंधक बनाकर की लूट

Thu, 20 Feb 2020 06:16 PM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भगवानपुर (रुड़की)

सार

  • बिजली घर में हथियारबंद बदमाशों ने फिर की लूटपाट
  • बुधवार देर रात निर्माणाधीन बिजली घर में बदमाशों ने कई घंटे तक मचाया तांडव
  • गनमैन और सिक्योरिटी गार्ड से मारपीट, बंधक बनाकर गनमैन की रायफल भी लूटी
  • एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर ली जानकारी, पुलिस बदमाशों की कर रही है तलाश
विज्ञापन
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने निर्माणाधीन बिजली घर में तैनात सिक्योरिटी गार्ड और गनमैन को बंधक बनाकर लाखों का सामान लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने दोनों से मारपीट भी की और गनमैन की लाइसेंसी रायफल भी लूट ले गए। शोर सुनकर पहुंचे राहगीरों ने दोनों को बंधनमुक्त कर घटना की सूचना पुलिस को दी। आननफानन में एसएसपी और एसपी देहात मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।

विज्ञापन


भगवानपुर क्षेत्र स्थित सिकंदरपुर के पास पद्मावती कंपनी बिजली घर का निर्माण करवा रही है। सामान की देखभाल के लिए कंपनी ने सिक्योरिटी गार्ड सचिन कुमार और गनमैन भोपाल चौधरी को रखा है। बुधवार रात दोनों बिजली घर में ड्यूटी कर रहे थे। रात करीब एक बजे बाइकों पर सवार होकर आए हथियारबंद नकाबपोश बदमाश बिजली घर में जा घुसे।

हथियारों के बल पर उन्होंने सिक्योरिटी गार्ड और गनमैन को बंधक बना लिया। विरोध करने बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और दोनों के मोबाइल छीनकर एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने बिजली घर से कीमती उपकरण कट्टों में भर लिए और बाइकों पर सामान लादकर फरार हो गए। जाते जाते उन्होंने गनमैन की रायफल भी छीन ली। बृहस्पतिवार सुबह शोर सुन राहगीर मौके पर पहुंचे।
विज्ञापन


उन्होंने दोनों को कमरे से बाहर निकाला और घटना की सूचना पुलिस को दी। एसओ संजीव थपलियाल तुरंत मौके पर पहुंच गए। वहीं, कुछ ही देर में एसएसपी सेंथिल अबूदई कृष्णराज एस, एसपी देहात एसके सिंह और सीओ मंगलौर डीएस रावत भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने भी गनमैन और गार्ड से घटना की जानकारी ली। प्रोजेक्ट मैनेजर मनीष कुमार ने बताया कि सिक्योरिटी गार्ड और गनमैन ने बताया है कि बदमाश तीन बाइकों से आए थे जबकि पुलिस का कहना है कि दो बाइकों से आए थे। फिलहाल पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है।

विज्ञापन

खंगाले जा रहे सीसीटीवी कैमरे

घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। साथ ही आसपास के लोगों से जानकारी ली। इतना ही नहीं पुलिस जंगलों में भी सामान की तलाश कर रही है। वहीं, एसएसपी ने पूरे मामले की जांच कर पुलिस को घटना के खुलासे के लिए निर्देश दिए हैं। पुलिस पुराने बदमाशों की भी कुंडली खंगाल रही है।

22 जनवरी को इसी तरह हुई थी लूट

बदमाशों ने इससे पूर्व भी निर्माणाधीन बिजली घर में लूट की वारदात को अंजाम दिया था। 22 जनवरी को नौ मजदूरों को बंधक बनाकर लूट की थी। साथ ही मजदूरों से मारपीट कर उनकी नगदी भी छीन ली थी। बदमाश उस दौरान करीब नौ लाख रुपये का सामान लूटकर ले गए थे। उस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया था। अभी तक पुलिस पूर्व की घटना का खुलासा तक नहीं कर पाई थी कि बदमाशों ने बिजली घर में दोबारा लूट की वारदात को अंजाम दे दिया। 

पुलिस मात्र पीट रही लकीर
निर्माणाधीन बिजली घर में लूट के मामले में पुलिस को अभी तक बदमाशों के बारे में कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। पुलिस मात्र सिक्योरिटी गार्ड और गनमैन से पूछताछ कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने तक ही सीमित है। वहीं, सवाल उठ रहा है कि जब निर्माणाधीन बिजली घर में पहले भी लूट हो चुकी थी तो पुलिस ने उस घटना को गंभीरता से क्यों नहीं लिया? साथ ही निर्माणाधीन बिजली घर के आसपास रात में गश्त की जा रही थी या नहीं? 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें