उत्तराखंड में नए लोकायुक्त की नियुक्ति रविवार तक होने की पूरी संभावना है। कारण यह कि मुख्यमंत्री हरीश रावत की अध्यक्षता में रविवार को लोकायुक्त चयन समिति की बैठक हो रही है।
जिसमें नए लोकायुक्त का चयन किया जाएगा। लोकायुक्त चयन समिति में मुख्यमंत्री हरीश रावत के अलावा विधानसभाध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट, हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश या उनके द्वारा नामित कोई न्यायाधीश और एक विधिवेत्ता को शामिल किया गया है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री हरीश रावत ने 22 फरवरी को हाईकोर्ट के पूर्व कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश ब्रह्म सिंह, हाईकोर्ट के ही पूर्व न्यायाधीश भंवर सिंह, पूर्व मुख्य सचिव आरएस टोलिया, सेवानिवृत्त आइएएस अधिकारी विभापुरी दास और अर्थशास्त्री आलोक शाह समेत पांच सदस्यीय सर्च कमेटी का गठन किया था।
आखिरकार चार माह की खोजबीन के बाद सर्च कमेटी ने लोकायुक्त पद के लिए उपयुक्त कई लोगों के नाम सुझाए है। अब यह चयन समिति पर निर्भर करता है कि समिति किसे लोकायुक्त का जिम्मा सौंपती है। केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को इस बात के कड़े निर्देश जारी किए है कि सभी राज्य अपने-अपने लोकायुक्तों की नियुक्ति करें।
कई राज्यों ने केंद्र सरकार के निर्देश पर पालन करते हुए लोकायुक्त की नियुक्ति कर दी, लेकिन उत्तराखंड सरकार अभी तक लोकायुक्त की नियुक्ति नहीं कर पायी है। अब जबकि चयन समिति की रविवार को बैठक हो रही है तो एक बार उम्मीद जगी है कि राज्य के लोगों को जल्द ही लोकायुक्त मिल सकता है।
Published By : Nirmala Suyal