2014 में नामिक के लोगों ने मुख्यमंत्री को देखा। तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत, विधायक हरीश धामी के साथ हेलीकॉप्टर से नामिक पहुंचे थे। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद नामिक के लिए होकरा के पास से 17 किमी सड़क मंजूर हुई। राज्य बनने के बाद डीडीहाट के विधायक विशन सिंह चुफाल ने नामिक का दौरा किया था।
मतदान को लेकर संशय में नामिक के लोग
वर्ष 2007-08 में गोगिना (बागेश्वर) के पास रामगंगा नदी में 1.67 करोड़ की लागत से बना झूलापुल 2018 की बरसात में खतरे की जद में आ गया था। अगस्त, सितंबर में हुई तेज बारिश से पुल की नींव से पत्थर निकल गए हैं, नींव खोखली हो गई है। ग्राम प्रधान तुलसी जैम्याल कहती हैं कि पुल की मरम्मत का मामला लगातार प्रशासन और विभाग के सामने उठाया जा रहा है लेकिन पुल की मरम्मत नहीं की गई।
कहती हैं कि पुल गिरा तो गांव के लोगों के पास 27 किमी लंबे बिर्थी मार्ग का ही विकल्प बचेगा। इस समय बिर्थी वाले मार्ग पर 4 से 6 फीट बर्फ जमा है। उनका कहना है कि गांव के लोग इस मुद्दे पर लोकसभा चुनाव में मतदान करने, न करने पर विचार कर रहे हैं। 2012 में सड़क, स्वास्थ्य, संचार आदि मुद्दों को लेकर ग्रामीणों ने चुनाव बहिष्कार किया था।