मतदाता सूची में नाम शामिल कराने की अंतिम तिथि पास आते ही वेबसाइट भी थम गई। शुक्रवार को दिन भर एनवीएसपी पोर्टल को चुनिंदा लोग ही एक्सेस (खोल) कर पाए। ऐसे में कुछ लोग नाम शामिल कराने में सफल हुए तो कुछ को निराशा ही हाथ लगी।
दरअसल, अत्यधिक लोड होने के चलते शुक्रवार सुबह कंप्यूटर पर एनवीएसपी पोर्टल चलना बंद हो गया। इसके बाद दोपहर तक मोबाइल पर पोर्टल को एक्सेस किया जा सका। हालांकि, शाम होते-होते एनवीएसपी पोर्टल मोबाइल पर भी चलना बंद हो गया। इसके चलते लोगों को इस पोर्टल की सेवाएं लेने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
शाम तक हालात ये रहे कि वेबसाइट न मोबाइल और न ही कंप्यूटर पर किसी भी माध्यम पर नहीं खुली। इस संबंध में लोगों ने निर्वाचन कार्यालय में भी फोन कर शिकायत की। चूंकि, मामला उच्च स्तर का था लोगों को सिर्फ इंतजार करने की ही सलाह मिल सकी।