उत्तराखंड की अल्मोड़ा पिथौरागढ़ संसदीय सीट पर सीमांत जिले के मतदाताओं को रिझाने के लिए भाजपा ने केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह को स्टार प्रचारक के रूप में मैदान में उतारा है। वहीं आज उनकी रैली रुड़की के झबरेड़ा और चमोली जिले के गोपेश्वर बस स्टेंड में भी होगी।
पिथौरागढ़ जिले में पूर्व सैनिकों और सैन्य की पृष्ठभूमि से जुड़े मतदाता अधिक हैं। 2017 के विधानसभा चुनाव में यहां पहुंचे पीएम मोदी ने भी पूर्व सैनिकों के नाम पर ही वोट मांगे थे। इस बार भी मोदी रुद्रपुर में आयोजित रैली में उत्तराखंड को सैनिक धाम बता चुके हैं। हवाई सेवा, सीमा सुरक्षा का मुद्दा यहां महत्वपूर्ण है और यही देखते हुए भाजपा ने राजनाथ सिंह का रुख इस ओर किया है।
आगामी दो अप्रैल यानी मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन रामलाल देहरादून में रहेंगे। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. देवेंद्र भसीन ने यह जानकारी दी।
भसीन ने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस का झूठ गैंग काम कर रहा है। जिसके द्वारा भाजपा प्रत्याशियों के खिलाफ झूठी बाते फैलाई जा रही हैं। टिहरी से भाजपा प्रत्याशी माला राज्यलक्ष्मी शाह द्वारा लोकसभा में पूछे गए सवाल का आंकड़ा गलत पेश किया गया। कांग्रेस सोनिया गांधी की लोकसभा में उपस्थिति का आंकड़ा देख ले। कांग्रेस बताए राज्यसभा सांसद राजबब्बर क्यों लापता हैं। माला राज्यलक्ष्मी शाह ने विकास की कई योजनाएं शुरू की हैं।
उन्होंने बताया कि दो अप्रैल को भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन रामलाल देहरादून में रहेंगे। वह हल्द्वानी, अल्मोड़ा और देहरादून में लोकसभा संचालन समिति की बैठक लेंगे। पूर्व सीएम विजय बहुगुणा दो अप्रैल को नैनबाग, चाका और बड़कोट में जनसभा करेंगे। तीन अप्रैल को पूर्व सीएम भगत सिंह कोश्यारी थराली, कपकोट और चंबा में जनसभा करेंगे।