कपाट बंद होने के बाद से ही धाम में विद्युत, दूरसंचार व पेयजल जैसे बुनियादी संसाधन भी ठप पड़े हुए हैं। ऐसे में मतदान कर्मचारियों के लिए इस स्थान तक पहुंचकर मतदान कराना चुनौतीपूर्ण साबित होने वाला है।
गंगोत्री धाम में निवास कर रहे स्वामी राजाराम दास ने बताया कि चुनाव आयोग ने धाम में पोलिंग बूथ बनाकर सराहनीय कदम उठाया है। इससे साधु संतों को अपने मताधिकार का प्रयोग करने में सहूलियत मिलेगी, हालांकि धाम के मौजूदा हालातों को देखते हुए मतदान अधिकारियों को कुछ दिक्कतें हो सकती हैं। सबसे अधिक परेशानी दूरसंचार व विद्युत आपूर्ति नहीं होने के कारण होगी।
गंगोत्री धाम में सुगम व सफलतापूर्वक मतदान कराने के लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। बर्फबारी के दौरान गंगोत्री हाईवे पर यातायात सुचारू रखने के लिए बीआरओ कर्मचारियों को जगह-जगह तैनात किया गया है। वहीं विद्युत, दूरसंचार एवं पेयजल व्यवस्था को भी बहाल करने के निर्देश दे दिए गए हैं। आपात स्थिति से निपटने के लिए मतदान कर्मियों को सेटेलाइट फोन, कृत्रिम प्रकाश आदि संसाधन भी मुहैया कराए जा रहे हैं।
-देवेंद्र नेगी, एसडीएम भटवाड़ी