जनरल बीसी खंडूड़ी (सेवानिवृत्त) की दावेदारी के सवाल पर चुनाव प्रभारी थावरचंद गहलोत ने कहा, खंडूड़ी स्वस्थ हैं, मेरी उनसे बात हुई है। पूरी पार्टी उनका बहुत सम्मान करती है, उनकी इच्छाओं का ध्यान रखा जाएगा। उनकी इच्छा के आधार पर ही निर्णय करेंगे।
पांचों सीटों में पौड़ी सबसे हॉट
भाजपा के आंतरिक सर्वे में पौड़ी लोकसभा सीट को ए प्लस की श्रेणी में रखा गया है, लेकिन टिकट की दावेदारी को लेकर ये सीट सबसे हॉट बनी हुई है। जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहा है, इस सीट पर नए-नए दावेदारों का खुलासा हो रहा है। खुद को फिट बताकर सांसद खंडूड़ी ने उनके खराब स्वास्थ्य की अटकलों को विराम दे दिया तो अब उनके बेटे के कांग्रेस में जाने की चर्चाओं ने सियासत गरमा दी है।
मनीष की एंट्री के टटोले जाते रहे सियासी मायने
मनीष खंडूड़ी के कांग्रेस में जाने की चर्चाओं के बाद प्रदेश भाजपा से जुड़े नेता इसके सियासी मायने टटोलने के साथ ही सियासी नफा नुकसान भी देखते रहे। पौड़ी सीट पर किसकी किससे टक्कर हो सकती है, इस पर भी कुछ ऐसी दिमागी कसरत होती रही।
- मनीष बनाम जनरल: कोई कह रहा था कि कांग्रेस ने मनीष को उम्मीदवार बनाया तो पार्टी जनरल खंडूड़ी को चुनाव लड़ा सकती है। लेकिन साथ ही उनके बीच ये सवाल भी उठा कि क्या पिता, पुत्र के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे।
- मनीष बनाम ऋतु : चर्चा ये भी रही कि मनीष के खिलाफ पार्टी ऋतु खंडूड़ी पर भी दांव चल सकती है।
- मनीष बनाम कर्नल कोठियाल : कुछ लोगों का कहना था कि हालांकि कर्नल कोठियाल पार्टी के सदस्य नहीं हैं, लेकिन पार्टी के पैनल में उनका नाम भी भेजे जाने की चर्चा है। राष्ट्रवाद की हवा के बीच कर्नल को उम्मीदवार बनाकर पार्टी एक तीर से दो निशाने साध सकती है।
मनीष बनाम शौर्य डोभाल : चर्चा ये भी थी कि पिछले काफी समय से पौड़ी सीट पर तैयारी कर रहे शौर्य डोभाल पर पार्टी दांव लगा सकती है।
मनीष खंडूड़ी की पहली पहचान यह है कि वे सांसद व पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी (सेवानिवृत्त) के बेटे हैं। पेशे से पत्रकार और आईटी जानकार मनीष फेसबुक इंडिया के न्यूज पार्टनरशिप के हेड हैं। उन्होंने बिजनेस स्टैंडर्ड, बिजनेस वर्ल्ड सरीखी पत्र-पत्रिकाओं के लिए पत्रकारिता की और सीएनएन के डिजिटल संस्करण से भी जुड़े। वो शिकागो के कैलाग स्कूल ऑफ मैनेजमेंट यूनिवर्सिटी से स्नातक हैं।
धन्यवाद आपने मुझे कॉल किया। अभी मैं इस बारे में कुछ नहीं कह सकता। ये मेरा नंबर है। आप मुझे कॉल कर सकते हैं। दो दिन बाद मैं आपसे इस बारे में बात करूंगा।
- मनीष खंडूड़ी, सुपुत्र, जनरल बीसी खंडूड़ी
मुझे भी आज सुबह ही मनीष के कांग्रेस में शामिल होने की जानकारी मिली। बेहतर होगा, आप उन्हीं से बात करें। राजनीतिक अनुभव के लिहाज से मनीष ने पिता जी और मेरे चुनाव में काम किया था।
- ऋतु खंडूड़ी, भाजपा विधायक व मनीष खंडूड़ी की बहन
उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने आज नई दिल्ली में पत्रकार वार्ता आयोजित की। जिसमें उन्होंने उन सभी चर्चाओं पर विराम लगा दिया है, जिनमें उनके कांग्रेस में शामिल होकर पौड़ी-गढ़वाल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की बात हो रही थी।
सतपाल महाराज ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि मैं भाजपा में हूं और भाजपा में ही रहूंगा और पार्टी के स्टार प्रचारक के रूप में पूरे देश में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में चुनाव प्रचार करूंगा। न मैं टिकट मांग रहा हूं, न ही लोकसभा चुनाव लड़ने की मैंने किसी के सामने इच्छा जताई है। यहां तक कि मेरे परिवार से भी कोई लोकसभा टिकट का दावेदार नहीं है। उन्होंने पार्टी या मुख्यमंत्री से अपनी नाराजगी की खबरों को सिरे से खारिज कर दिया।