उत्तराखंड में लोकसभा चुनाव के दौरान आचार संहिता के उल्लंघन को लेकर हरिद्वार, लक्सर और पिथौरागढ़ में पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ है। हरिद्वार में मतदान के दौरान आचार संहिता उल्लंघन मामले में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
वहीं पिथौरागढ़ में दो लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया। गुरुवार को हरिद्वार लोकसभा सीट से बसपा प्रत्याशी डॉ. अंतरिक्ष सैनी ने समर्थकों के साथ लक्सर कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। उन्होंने आरोप लगाया है कि लक्सर गांव स्थित मतदान केंद्र पर नगर पालिका के चेयरमैन अंबरीष गर्ग व वार्ड सभासद अरविंद कल्याणी मतदान केंद्र के अंदर चले गए।
इसके बाद उन्होंने मतदान कक्ष में वोट डालने गए मतदाताओं से भाजपा के पक्ष मे वोट करने के लिए कहना शुरू कर दिया। दूसरी तरफ हरिद्वार में मतदान के दौरान सेल्फी लेकर फेसबुक पर अपलोड करना भाजपा के जिला महामंत्री विकास तिवारी को महंगा पड़ गया।
जिलाधिकारी दीपक रावत के निर्देश के बाद हरकत में आए सेक्टर मजिस्ट्रेट मुरली मनोहर तिवारी ने हरिद्वार कोतवाली में विकास तिवारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।