आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 70 सीटों पर लोक जनशक्ति पार्टी अपने प्रत्याशी उतारेगी। इस संबंध में रविवार को पार्टी की ओर से बैठक कर निर्णय लिया गया। कारगी चौक, बंजारावाला स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित बैठक में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केदारनाथ पंडित ने कहा कि आने वाले कुछ दिनों में पार्टी की ओर से अपने सभी 70 प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी। पार्टी जन सरोकारों के मुद्दों पर आगामी विस चुनाव लड़ेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान की ओर से उत्तराखंड के सभी विधानसभा उम्मीदवारों को ऑनलाइन कार्यक्रम के माध्यम से संबोधित किया जाएगा। बैठक में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष बैलिस्टर पंडित, भरत सिंह नेगी, जय गोविंद, उमेश कुमार, काशीनाथ आदि मौजूद रहे।