प्रवासियों की तत्काल कोरोना जांच हो और उन्हें जांच के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने कंट्रोल रूम तैयार किया है। सीएमओ डॉ. बीसी रमोला के निर्देश पर गांधी शताब्दी अस्पताल में इसकी व्यवस्था की गई है। कंट्रोल रूम में तीन डॉक्टर समेत आठ कर्मचारी तैनात किए गए हैं।
दूसरे राज्यों से लौट रहे प्रवासियों की जांच के अभी तक मुकम्मल इंतजाम नहीं हैं। कई प्रवासी ऐसे हैं, जिनको जांच के लिए परेशान होना पड़ा है। मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बीसी रमोला के पास भी ऐसी कई शिकायतें पहुंचीं, जिसके बाद उन्होंने कंट्रोल रूम बना दिया है। उन्होंने कहा कि दूसरे राज्यों से लौट रहे प्रवासियों की जांच अच्छे ढंग से हो और उन्हें परेशान न होना पड़े, इसलिए यह व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि कंट्रोल रूम में वरिष्ठ ईएनटी सर्जन डॉ. पीयूष त्रिपाठी, डॉ. आलोक जैन, ईएमओ डॉ. ऋषभ तोमर, लैब टेक्नीशियन सत्येंद्र सिंह, दिलीप भट्ट, फार्मेसिस्ट कमल बिष्ट, लैब अटेंडेंट संदीप गुप्ता और एंट्री ऑपरेटर ऋषभ पाल को तैनात किया गया है। इसके अलावा सीएमओ ने अस्पताल में एक कार्डियक और एक सामान्य एंबुलेंस की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए हैं।