अन्य राज्यों में फंसे प्रदेश के छात्रों, पर्यटकों, श्रद्धालुओं और अन्य नागरिकों की जल्द सुरक्षित घर वापसी हो सकेगी। राज्य सरकार को इस संबंध में केंद्रीय गृहमंत्रालय का आदेश मिल गया है। अब प्रदेश सरकार उसके अनुरूप आदेश जारी करेगी। शासन ने स्पष्ट किया है कि चरणबद्ध तरीके से अन्य राज्यों में फंसे उत्तराखंड के नागरिकों को सुरक्षित घर लाया जाएगा।
मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्रालय ने अन्य राज्यों में फंसे लोगों की सुरक्षित घर वापसी का जिम्मा राज्यों को सौंप दिया है।
केंद्र का आदेश राहत भरा है। राज्य आपस में तय करेंगे कि उनके यहां फंसे नागरिकों को कैसे वापस लाया जा सकता है। इसकी व्यवस्था बनाई जाएगी। प्रदेश सरकार सभी राज्यों में फंसे नागरिकों की सूची तैयार करेगी, उसके बाद उन राज्यों के साथ वार्ता कर आने जाने की व्यवस्था बनाई जाएगी। उत्तराखंड में भी कई राज्यों के लोग फंसे है, तो वहां की राज्य सरकारों को भी अवगत करवाया जाएगा।