लॉकडाउन के बीच ड्रोन पुलिस का सजग प्रहरी बन रहा है। पुलिस ड्रोन के जरिए लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों को चिह्नित कर इनके खिलाफ भविष्य में कड़ी कार्रवाई की तैयारी कर रही है। अब तक पुलिस ड्रोन के जरिये दो सौ से अधिक लोगों को चिह्नित कर चुकी है। पुलिस की सख्ती के बाद शहर और देहात में लॉकडाउन का पालन नहीं हो रहा है।
ऐसी स्थिति में पुलिस को सख्ती करनी पड़ रही है। पुलिस की सख्ती के बाद भी लोग अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसे में पुलिस ने अब ऐसे लोगों से निपटने के लिए ड्रोन का सहारा लिया है। पुलिस शहर और देहात में गली मोहल्ले में ड्रोन के जरिये आसमान से नजर रख रही है। ड्रोन से पुलिस को ऐसे लोगों पर नजर रखने में काफी मदद मिली है, जो लोग लॉकडाउन का उल्लंघन कर रहे हैं।
एसपी देहात एसके सिंह ने बताया कि लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों पर नजर रखने के लिए ड्रोन एक अच्छा प्रयोग है। उन्होंने बताया कि ऐसे लोगों के खिलाफ भविष्य में बड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
23 पर केस, 14 वाहन सीज
लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। शहर और देहात में लगातार पुलिस केस दर्ज करने के साथ ही वाहन सीज कर रही है। शनिवार को भी पुलिस ने रुड़की, भगवानपुर, कलियर, झबरेड़ा, मंगलौर में लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले 23 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया। जबकि कार व बाइक समेत 14 वाहनों को सीज किया। इसके अलावा 34 वाहन चालकों के चालान काटे।