फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus: तीन दिन तक रोडवेज बस में सफर करता रहा गुरुग्राम से कोटद्वार पहुंचा संक्रमित युवक

Fri, 15 May 2020 09:09 PM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोटद्वार(पौड़ी)
विज्ञापन
- फोटो : सांकेतिक तस्वीर
विज्ञापन

उत्तराखंड के पौड़ी जिले में कोटद्वार बेस अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती गुरुग्राम से लौटे युवक (25) की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। युवक 13 मई को कोटद्वार आया था और स्क्रीनिंग के दौरान तापमान सामान्य से अधिक होने पर उसे आईसोलेशन वार्ड में भर्ती कर जांच के लिए सैंपल ऋषिकेश भेजा था। उक्त युवक कोटद्वार पहुंचने से पहले तीन दिन तक रोडवेज की बस में सफर करता रहा, जिसके कारण प्रशासन की टीम अब कोरोना पॉजिटिव युवक की ट्रैवल हिस्ट्री तलाशने में जुट गई है।

विज्ञापन


प्रशासन की ओर प्रदेश से बाहर से आने वाले प्रवासियों की मेडिकल जांच के लिए स्वास्थ्य कर्मी, होम क्वारंटीन के लिए राजस्व कर्मचारी, लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए परिवहन विभाग और व्यवस्थाएं बनाने के लिए पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। युवक के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद ग्रास्टनगंज में तैनात करीब 50 कर्मचारियों में संक्रमण फैलने का खतरा बना है।
 

विज्ञापन

तीन दिन तक रोडवेज बस में करता रहा सफर

गुरुग्राम से कोटद्वार आने के लिए युवक बस में रवाना हुआ लेकिन हल्द्वानी पहुंचने पर पता चला कि वह गलत बस में बैठ गया है। इस कारण युवक कोटद्वार पहुंचने से पहले तीन दिन तक रोडवेज की बस में सफर करता रहा, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। अब प्रशासन की टीम कोरोना पॉजिटिव युवक की ट्रैवल हिस्ट्री तलाशने में जुट गई है।

बीरोंखाल ब्लाक का 25 वर्षीय युवक गुरुग्राम में प्राइवेट जॉब करता था। लॉकडाउन के कारण उसकी नौकरी छूट गई थी। गुरुग्राम मेें फंसे होने के कारण उसके घर आने के लिए ऑनलाइन पास और रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन किया था। 10 मई को उत्तराखंड सरकार ने गुरुग्राम में फंसे लोगों को वापस लाने के लिए रोडवेज की बस भेजी थी, लेकिन वह कोटद्वार की बस के बजाय हल्द्वानी की बस में सवार हो गया। हल्द्वानी पहुंचने पर उसे 11 मई को हरिद्वार लौटा दिया गया। 12 मई को वह पूरे दिन और रात हरिद्वार में ही रुका रहा। बताया जा रहा है कि 13 मई को उसे हरिद्वार से रोडवेज की बस में अन्य लोगों के साथ कोटद्वार भेज दिया गया।

कोटद्वार पहुंचने पर ग्रास्टनगंज मैदान में तैनात स्वास्थ्य कर्मियों ने युवक की थर्मल स्क्रीनिंग की, जिसमें युवक का तापमान सामान्य से अधिक मिलने पर डाक्टरों ने उसे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया। उसका सैंपल जांच के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया था और शुक्रवार को एम्स की रिपोर्ट आई जिसमें युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इस बीच युवक ने गुरुग्राम से हल्द्वानी, हल्द्वानी से हरिद्वार और हरिद्वार से कोटद्वार के बीच रोडवेज की बस में हल्द्वानी, कोटद्वार-भाबर और निकवर्ती पर्वतीय क्षेत्रों के कई लोगों के साथ सफर किया, जिससे उसके संपर्क में इन स्थानों में कई लोग आए। प्रशासन इन लोगों को ट्रेस करने में जुटा है।

कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आए दो युवकों को भेजा क्वारंटीन सेंटर
गुरुग्राम से कोटद्वार लौटे कोरोना पॉजिटिव युवक के संपर्क में आए बीरोंखाल ब्लाक के दो युवकों को पुलिस, प्रशासन और राजस्व विभाग ने क्वारंटीन सेंटर भेज दिया है। बताया जा रहा है कि ये दो युवक बस में ही कोरोना पॉजिटिव युवक के संपर्क में आए थे। ब्लाक के एक युवक की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने से पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग उसके संपर्क में आए सभी लोगों को ट्रेस कर क्वारंटीन सेंटर भेजने की तैयारी कर रही है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें