झबरेड़ा के खाताखेड़ी गांव में शारीरिक दूरी के उल्लंघन पर सीएमओ के नाराजगी जताने के बाद सोमवार को पुलिस ने अनावश्यक घूम रहे लोगों को डंडे से फटकारकर घरों में घुसाया। वहीं, पुलिस प्रशासन ने गांव में टेंपो से फल और सब्जी उपलब्ध करवाई।
चार दिन पहले कोरोना संक्रमित पाए जाने पर खाताखेड़ी गांव को पाबंद कर दिया था। लोगों के बाहर जाने और आने पर रोक लगा दी गई थी। लिहाजा ग्रामीणों को फल और सब्जी की दिक्कत होने लगी। ऐसे में पुलिस प्रशासन ने सोमवार को टेंपो से फल और सब्जी लोगों के घरों के सामने पहुंचाए, जिससे ग्रामीणों को राहत मिली। वहीं, रविवार को गांव के दौरे पर आईं सीएमओ डॉ. सरोज नैथानी ने शारीरिक दूरी के उल्लंघन पर नाराजगी जताई थी।
लिहाजा सोमवार को पुलिस ने बाहर घूमने वालों पर सख्ती बरती। कच्चे रास्तों से इकबालपुर और इधर-उधर जा रहे लोगों को पुलिस ने सख्ती से रोका और कुछ को डंडे मारकर लौटाया। कुछ ग्रामीण कच्चे रास्ते से होकर धर्म कांटे के पास से इकबालपुर जा रहे थे। लिहाजा पुलिस ने इसे भी बैरिकेडिंग लगाकर बंद कर दिया। सब इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार ने बताया कि इकबालपुर से खाताखेड़ी गांव में जाने वाले रास्ते पर सोमवार सुबह से मुस्तैदी और बढ़ा दी गई है। किसी को बाहर नहीं जाने दिया जाएगा।