बाजपुर में चीनी की मिल में सालों से ऐसा गलत काम चल रहा था कि मौके पर पहुंचे अधिकारियों के होश उड़ गए। उन्हें देखकर अपनी आंखो पर यकीन नहीं हुआ।
दरअसल, आबकारी टीम ने छापामारी कर चीनी मिल के आवासीय परिसर में देसी शराब की फैक्ट्री पकड़ी। मौके से 12 पेटी देसी गुलाब (मदिरा), पांच लीटर देसी शराब सहित भारी मात्रा में गुलाब और रॉयल स्टेग के होलोग्राम (रैपर) बरामद किए। हालांकि मौके से किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। कमरा सील कर दिया गया है।
मंगलवार को आबकारी निरीक्षक एनएस मर्तोलिया ने टीम के साथ छापामारी कर चीनी मिल के आवासीय कमरा नंबर एक, दो और तीन की तलाशी ली। इस दौरान कमरा नंबर तीन से 12 पेटी गुलाब (देसी मदिरा), प्लास्टिक का बीस लीटर का कैंपर, 70 रायल स्टेग कैप्सूल, 70 गुलाब कैप्सूल, 200 लीटर ड्रम, 50-50 लीटर की चार जरकीन, एक शीशी गोंद मिला।
यह सामान भी मिला
200 मिली कलर, दो पेटी टेप, पांच खाली कैंपर, 100 होलोग्राम (जिन पर बाहर से एक्साइज अंकित है), 700 लेबल पिकनिक, 30 रायल स्टेग के खाली रैपर बरामद कर कब्जे में ले लिया। टीम में पवन कुमार कांबोज, जोनी कुमार, पारस कुमार, जगत सिंह आदि थे।
इधर, आबकारी निरीक्षक एनएस मर्तोलिया ने बताया कि होलाग्राम के बारे में शुगर मिल और आईजीएल के प्रबंधक को लिखित पत्र भेजकर जानकारी मांगी है। चीनी मिल के आवासीय कमरे में देसी मदिरा का जखीरा बरामद होना चर्चा का विषय बना रहा।
शुगर मिल महाप्रबंधक केके मिश्रा ने बताया कि मिल के आवासीय कमरे से मदिरा और अन्य सामान मिलना गंभीर है। सुरक्षा अधिकारी आरपी आर्य से स्पष्टीकरण मांगा गया है। आवास किसको आवंटन किया गया है। इसकी भी जांच होगी। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।