देहरादून में देसी शराब की प्रदेश से बाहर विशेषज्ञ प्रयोगशालाओं से जांच कराई जाएगी। जहरीली शराब कांड के बाद देसी शराब के कई सैंपलों की जांच चल रही है। पांच सैंपलों की जांच आ चुकी है, जिसे मानकों के अनुरूप पाया गया है। आबकारी आयुक्त के मुताबिक, एहतियात के तौर पर इन सभी सैंपलों को राज्य से बाहर विशेषज्ञ प्रयोगशालाओं में जांच के लिए भेजा जाएगा।
प्रति व्यक्ति शराब खपत में देश में दूसरा स्थान
उत्तराखंड में शराब की प्रति व्यक्ति खपत देश में दूसरे स्थान पर है। प्रति व्यक्ति खपत के मामले में दिल्ली प्रांत पहले स्थान पर है। अकेले देहरादून में ही हर महीने 10 लाख, तीन हजार 998 बल्क लीटर देसी शराब की खपत हो रही है। शराब की ये खपत तब है, जब प्रदेश में शराब देशभर से महंगी है।
छापेमारी के लिए आठ टीमें गठित
मुख्यमंत्री के निर्देश पर आबकारी विभाग ने देहरादून जनपद में अवैध शराब की धरपकड़ के लिए आठ टीमों का गठन कर दिया है। इन टीमों में आबकारी आयुक्त कार्यालय के सभी अधिकारियों को शामिल किया गया है। जल्द ही सभी जनपदों में भी ऐसी ही टीमें गठित कर छापेमारी की सघन कार्रवाई की जाएगी।