आठ जनवरी से लापता हवलदार राजेंद्र सिंह नेगी की सकुशल वापसी के लिए उत्तराखंड जनता संघर्ष मोर्चा ने प्रधानमंत्री कार्यालय से गुहार लगाई है। मोर्चा ने सोमवार को पीएमओ में पत्र सौंपकर सर्च अभियान में तेजी लाने की गुहार लगाई है।
दून निवासी हवलदार राजेंद्र सिंह कश्मीर में ड्यूटी के दौरान बर्फ में फिसलने से लापता हो गए थे। तब से उनका सुराग नहीं लग पा रहा है। स्थानीय लोग इस संबंध में रक्षा मंत्रालय से पत्राचार भी कर चुके हैं।
सोमवार को रघुबीर सिंह बिष्ट के नेतृत्व में मोर्चा सदस्य दिल्ली स्थित पीएमओ पहुंचे। रघुबीर सिंह बिष्ट ने बताया कि ड्यूटी के दौरान हादसे का शिकार हुए राजेंद्र सिंह नेगी की तलाश युद्धस्तर पर की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि घटना के बाद से उनका परिवार सदमे में है। ऐसे नाजुक समय में मुख्यमंत्री समेत राज्य सरकार का कोई भी प्रतिनिधि हवलदार के परिवार को सांत्वना देने नहीं पहुंचा है।
उन्होंने कहा कि पीएमओ को इस मामले में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश जारी करने चाहिए। ज्ञापन देने वालों में देवसिंह रावत, अमर चंद, अनिल पंत, रुपेंद्र सिंह रावत, चंद्रमोहन जदली आदि शामिल रहे।