वन महोत्सव के अवसर पर एफआरआई परिसर में पौधरोपण करते आईसीएफआरई के महानिदेशक डा. एससी गैरोला व अन्य
वन अनुसंधान संस्थान की ओर से जवाहर नवोदय विद्यालय शंकरपुर में वन महोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान जहां आईसीएफआरई महानिदेशक एससी गैरोला, एफआरआई निदेशक एएस रावत, वैज्ञानिकाें व छात्र छात्राओं ने अशोक, जामुन, अमलतास, पुत्रजीवक, आंवला, कनेर, बांस जैसे प्रजातियों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया, वहीं स्कूली बच्चों के अलावा ग्रामीणों से यह अनुरोध किया गया कि वे भी अपने स्तर पर्यावरण संरक्षण को आगे आएं।
वन महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित भारतीय वानिकी अनुसंधान एवं शिक्षा परिषद के महानिदेशक डॉ. एससी गैरोला ने संस्थान अधिकारियाें, वैज्ञानिकों एवं छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आईसीएफआरई अपने संस्थानों के माध्यम से प्रकृति नामक कार्यक्रम चला रही है। महानिदेशक डॉ. गैरोला ने कहा कि विकास एवं संरक्षण साथ साथ चलने चाहिए लेकिन यह ध्यान रहे कि विकास पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए होना चाहिए।
वन अनुसंधान संस्थान निदेशक अरुण सिंह रावत ने कहा कि बच्चे पर्यावरण के प्रति जागरूक हो, इसके लिए संस्थान की ओर से कई कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के जरिये पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वन महोत्सव में डॉॅ. एके पांडे, उप महानिदेशक एसडी शर्मा, उप महानिदेशक कंचन देवी, डॉ. चरण सिंह, डॉ. रामवीर सिंह, डॉ. देवेंद्र कुमार समेत तमाम वैज्ञानिक, स्कूल प्रधानाचार्य, शिक्षक व बच्चे उपस्थित थे।