26 अप्रैल 2015 को बदरीनाथ धाम के कपाट खुलते ही चारधाम यात्रा आरंभ हो जाएगी। लेकिन चारधाम यात्रा के प्रवेशद्वार तीर्थनगरी में अव्यवस्थाएं हावी हैं।
प्रशासन की फौरी कार्रवाई भी बेअसर
मुख्य मार्गों पर अस्थायी अतिक्रमण, अनधिकृत पार्किंग परेशानी का सबब बनी हुई हैं। जाम के झाम से लोगों को आवाजाही में परेशानी होती है। पुलिस प्रशासन की फौरी कार्रवाई भी बेअसर है। ऐसे में चारधाम यात्रा के दौरान आने वाले तीर्थयात्रियों का स्वागत बदइंतजामी ही करने वाली है।
अमूमन पुलिस प्रशासन की ओर से चारधाम यात्रा की तैयारियां चार महीने पहले शुरू कर दी जाती हैं। लेकिन इस बार यात्रा को तीन माह ही रह गए हैं, लेकिन चारधाम यात्रा के प्रवेशद्वार में अव्यवस्थाएं सिर उठाए खड़ी हैं। रेलवे रोड, हरिद्वार मार्ग, देहरादून रोड, त्रिवेणीघाट रोड, मुखर्जी मार्ग पर अस्थायी अतिक्रमण पसरा है।
दुकानों के बाहर सामान सजाकर सड़क को घेरा हुआ है। रही सही कसर नो-पार्किंग जोन में खड़े आड़े तिरछे वाहन पूरी कर रहे हैं। नतीजतन मार्ग पर अक्सर जाम लगा रहता है, जिससे लोगों को आवाजाही में दिक्कत होती है।
हैरत की बात यह कि पुलिस प्रशासन तीर्थनगरी की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए हर साल ट्रैफिक प्लान बनाता है, लेकिन अमल करना भूल जाता है।
जीरो जोन की उड़ रही धज्जियां
पुलिस प्रशासन ने शहर के हरिद्वार-लक्ष्मणझूला मुख्य मार्ग पर जयराम आश्रम तिराहा से चंद्रभागा पुल तक, जहां सबसे अधिक जाम लगता है। इस हिस्से को जीरो जोन घोषित किया है। यानी कि जीरो जोन में सवारी वाहन न तो सवारी बिठाएंगे और न ही सवारी उतारेंगे।
मगर, इसका अनुपालन नहीं हो रहा। ऑटो और विक्रम चालक जहां तहां वाहन रोककर सवारियां बिठा रहे हैं, जिससे जाम लग रहा है। यातायात व्यवस्था को सुधारने वाले आंखें फेर तमाशबीन बने हैं।
पुलिस अस्थायी अतिक्रमण और अनधिकृत पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई करती है। कई बार वीवीआईपी ड्यूटी और दूसरे कार्य में व्यस्तता के चलते कार्रवाई प्रभावित होती है। चारधाम यात्रा से पहले यातायात व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी जाएगी।
- हरबंश सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी