गुलदार प्रभावित क्षेत्रों में रिफ्लेक्टिंग जैकेट पहनकर चारा पत्ती लेने जाएं महिलाएं : डीएम
जिले में गुलदार/बाघ व भालू प्रभावित क्षेत्रों में डीएम ने वन विभाग को नियमित रूप से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा उपाय करने के निर्देश दिए हैं। कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में महिलाएं रिफ्लेक्टिंग जैकेट पहनकर एक साथ चारा पत्ती लेने जाएं। कलक्ट्रेट सभागार में डीएम स्वाति एस भदौरिया ने प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति, जंगली जानवरों के हमलों और पीड़ितों को बांटे गए मुआवजे, जागरुकता कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने गुलदार के हमलों को कम करने के लिए एसडीओ वन को गुलदार/बाघ व भालू प्रभावित क्षेत्रों को चिह्नित करने को कहा। उन्होंने कहा कि पंचायती राज विभाग बुशकटर मुहैया करवाकर प्रभावित क्षेत्र में झाड़ी कटान के कार्य तेजी से शुरू करवाए।
ये भी पढ़ें...उत्तराखंड में भालू का भय: जंगल के रास्ते से गुजरना मजबूरी, चमोली में बच्चे सीटियां बजाकर स्कूल से पहुंच रहे घर
डीएम ने कहा कि पुलिस के बेहतर निशानेबाजों की सूची वन विभाग को उपलब्ध कराई जाए, जिससे जरूरत के समय पर उनकी मदद ली जाएगी। निर्देश दिए कि आपात स्थिति में ग्राम प्रहरी और पीआरडी स्वयंसेवक भी गश्त में वन विभाग के साथ सहयोग करेंगे। बैठक में डीएफओ लैंसडौन जीवन मोहन दगाड़े व डीएफओ कालागढ़ तरुण श्रीधर ने फॉक्स लाइट, सोलर लाइट, बायो फेंसिंग आदि उपकरणों की जानकारी दी।