गुलदार की सूचना पर मौके पर मौजूद वन विभाग की टीम। स्रोत जागरूक पाठक
न्यू कॉलोनी बहादुरपुर के पास शुक्रवार की शाम छह बजे गुलदार दिखाई देने से लोगों में दहशत का वातावरण बन गया। सूचना पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने मोर्चा संभाल लिया है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के साथ ग्रामीणों को सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है।
देर शाम गुलदार को देखकर स्थानीय लोग दहशत में आ गए। शोर मचाने पर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौके पर एकत्रित हो गए। उन्होंने वन विभाग को घटना की सूचना दी और गुलदार को जंगल की ओर भगाने के लिए पटाखे भी चलाए। वन दरोगा अजय सिंह पंवार ने बताया कि गुलदार की मौजूदगी की सूचना मिली थी जिसके उपरांत क्षेत्र में गश्त बढ़ाई गई है।
उन्होंने स्थानीय लोगों से सतर्कता बरतने और पालतू पशुओं को घरों के भीतर रखने की सलाह दी है। साथ ही गुलदार के दिखाई देने पर तत्काल इसकी सूचना विभाग को देने की भी बात कही है। इस दौरान वन बीट अधिकारी राहुल सैनी, सहायक सुभाष कुमार आदि मौजूद रहे।