भारतीय सीमा से सटे नेपाल के बैतड़ी जिले के तल्लासोराड़ गांव में शनिवार रात घर के आंगन में खेल रही चार साल की बालिका को तेंदुआ उठा ले गए।
बालिका का क्षत-विक्षत शव घर से 800 मीटर दूर रत्याल नाले के पास से रविवार की सुबह बरामद किया गया। इलाके में 15 दिन में तेंदुए ने हमला कर दूसरी बालिका को मार डाला। सूचना पर बैतड़ी के पुलिस अधीक्षक बीएस राणा, सहायक उपनिरीक्षक धनबहादुर खड़का मौके पर पहुंच गए।
पुलिस के अनुसार तल्लासोराड़ क्षेत्र के उदयदेव वार्ड संख्या दो कफाड़ी गांव में शनिवार रात आठ बजे हीरा चंद की पत्नी अपनी चार वर्षीय बेटी अंजलि को आंगन से कमरे की ओर ले जा रही थी, तभी घात लगाकर बैठे तेंदुआ झपट्टा मारकर अंजलि को उठा ले गया। ग्रामीणों ने रातभर बालिका की खोज की, लेकिन कहीं पता नहीं चला।
रविवार सुबह करीब दस बजे बालिका का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। तल्लासोराड़ क्षेत्र में ही 20 अगस्त को तेंदुए ने सात वर्षीय चंचला को घर से उठाकर मार दिया था।
पिछले एक साल से इलाके में सक्रिय तेंदुआ अब तक 22 लोगों को मार चुका है। पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग अब खेतों में काम करने एवं शाम के समय घर से बाहर निकलने में भी डर रहे हैं।