शंभु की चौकी के समीप गुलदार ने पहले बकरी पर हमला किया फिर बाइक पर जा रहे एक परिवार पर झपट्टा मारा। गुलदार की चहलकदमी से लोगों में भय बना हुआ है। बुधवार शाम साढ़े चार बजे दोधऊ गांव निवासी केदार सिंह चौहान बकरी चराकर घर लौट रहे थे। शंभु की चौकी के पास घात लगाए बैठे गुलदार ने एक बकरी पर हमला कर दिया। बकरी पहाड़ी से सड़क पर आ गिरी। उसकी चपेट में आकर बाइक सवार दो व्यक्ति गिर गए। इसी दौरान दूसरी बाइक पर सवार एक व्यक्ति, महिला और बच्चा भी असंतुलित होकर सड़क पर गिर गए। उधर, बकरी की तलाश में सड़क पर आए गुलदार ने महिला व बच्चे पर झपट पड़ा। बाइक सवारों ने बमुश्किल बच्चे व महिला को बचाया। हालांकि दोनों घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए देहरादून रवाना कर दिया। रेंजर विजय सिंह चौहान ने बताया कि गुलदार के हमले की सूचना मिली है। अभी तक घायल महिला और बच्चे की शिनाख्त नहीं हो पाई है। उनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। मौके पर वन विभाग की टीम को गश्त के लिए भेज दिया गया है।