तेंदुए से बचने के प्रयास में सुशील खाई में गिर गया, जिससे उसका पैर फ्रैक्चर हो गया, जबकि मुंह और सिर पर गंभीर चोट आई है। सुशील ने फोन से इसकी सूचना परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने उसे खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया। उसके बाद जिला अस्पताल ले जाया गया। घायल युवक का उपचार चल रहा है।
सूचना पर वन विभाग के अधिकारियों ने भी अस्पताल पहुंचकर घायल का हालचाल जाना। वन दरोगा प्रयाग दत्त भट्ट ने बताया कि तेंदुए के पंजे से युवक की जैकेट फट गई है। उच्चाधिकारियों को घटना से अवगत कराया गया है। नियमानुसार मुआवजा दिए जाने की कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने वन विभाग से घायल युवक को शीघ्र आर्थिक सहायता देने की मांग की है।