विश्व हिंदू परिषद ने दैवी आपदा के लिए शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद को निशाना बनाना शुरु कर दिया है। परिषद की ओर से शंकराचार्य स्वरूपानंद के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है।
परिषद ने शंकराचार्य पर केदारनाथ में आई दैवी आपदा का ठीकरा फोड़ते हुए आरोप लगाया है कि शंकराचार्य की ओर से केदारनाथ में स्फटिक लिंग की स्थापना के चलते केदारनाथ में आपदा आई है।
विश्व हिंदू परिषद ने इसके लिए शंकराचार्य को जिम्मेदार बताते हुए उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए श्रीनगर थाने में तहरीर दी है।
विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष प्रेमबल्लभ नैथानी ने कहा कि केदारनाथ धाम में शंकराचार्य स्वरूपानंद द्वारा पूर्व में स्फटिक लिंग स्थापित किया गया, जबकि धाम में पहले से ही स्वयंभू लिंग है।
आपदा के लिए स्वरूपानंद जिम्मेदार
ऐसे में दूसरा लिंग स्थापित करना धर्म के विरुद्ध है। शंकराचार्य के इसी कृत्य से उत्तराखंड में दैवी आपदा आई है। तीर्थ स्थलों पर की गई इस प्रकार की छेड़छाड़ के कारण ही उत्तराखंड में दैवी आपदा आई है। उन्होंने तहरीर देकर शंकराचार्य के खिलाफ तीर्थों से छेड़छाड़ के आरोप में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।