राजधानी देहरादून के निकट चांदमारी के जंगल में लकड़ी बीनने गई एक किशोरी को गुलदार ने शिकार बना लिया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने उप प्रभागीय वन अधिकारी (एसडीओ) का घेराव कर गुलदार को तुरंत मारने की मांग की है।
जंगल में लकड़ी लेने गई थी
ग्रामीणों ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर तीन बजे लक्ष्मी (13) पुत्री दिलीप थापा अपनी दादी और गांव की कुछ अन्य बच्चियों के साथ चांदमारी फायरिंग रेंज के पास जंगल में लकड़ी लेने गई थी। इस दौरान झाड़ियों में घात लगाए बैठे गुलदार ने लक्ष्मी पर हमला कर दिया। वह लक्ष्मी को घसीटते हुए काफी दूर ले गया।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
लक्ष्मी की दादी और सहेलियों ने शोर मचाया तो गुलदार उसे छोड़कर भाग निकला। हालांकि, तब तक लक्ष्मी की मौत हो गई थी। जानकारी पर गुस्साए ग्रामीणों ने एसडीओ आईए सिद्दीकी का घेराव किया। शाम सात बजे तक ग्रामीण कार्यालय में ही जुटे हुए थे। उधर, लक्ष्मी का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
कई माह से दिख रहा था गुलदार
पिछले कई माह से चांदमारी के आसपास गुलदार पूरे परिवार के साथ दिख रहा था। ग्रामीणों की मांग पर तीन माह पूर्व यहां पिंजरा लगाया गया था, लेकिन बाद में इसे हटा दिया गया। गश्त भी कम कर दी गई थी, जिसका नतीजा किशोरी की जान जाने के रूप में मिला।
घटना दुखद है। प्रभावित परिजन को एक लाख रुपये का मुआवजा दो दिन के भीतर दे दिया जाएगा। रेंजर को पिंजरा लगाने के लिए कह दिया है, गश्त भी बढ़ाई जा रही है।
सुशांत पटनायक, प्रभागीय वन अधिकारी