बांसवाड़ा में पांच घंटे बंद रहा रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे
केदारनाथ और केदारघाटी को जोड़ने वाला रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे बांसबाड़ा में भारी भूस्खलन के कारण पांच घंटे तक बंद रहा। सुबह हुई मूसलाधार बारिश से बांसबाड़ा भूस्खलन जोन सक्रिय होने से पहाड़ी से मलबा और बोल्डर गिरते रहे। इस दौरान हाईवे पर दो तरफ वाहनों की लंबी कतार लगी रहीं। वहीं जिले में दस से अधिक संपर्क मोटर मार्ग भी बंद पड़े हैं।
रविवार को तड़के से केदारघाटी क्षेत्र में बारिश होती रही। इस दौरान रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे पर अतिसंवेदनशील जोन बांसवाड़ा में पहाड़ी से भारी भूस्खलन से हाईवे सुबह पांच बजे ही बंद हो गया था। सुबह 9 बजे तक क्षेत्र में रुक-रुककर होती तेज बारिश के कारण यहां पहाड़ी से मलबा और बोल्डर गिरते रहे। बारिश थमने पर एनएच व कार्यदायी संस्था ने मलबा हटाना शुरू किया और सुबह 10 बजे हाईवे यातायात के लिए खोल दिया गया।
वहीं अगस्त्यमुनि के समीप भी हाईवे पहाड़ी से मलबा आने से बंद रहा। क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपक रावत, राजेश नेगी, गोविंद सिंह, मुकेश सिंह, हिमांशु सिंह आदि का कहना है कि पिछले एक पखवाड़े से बांसवाड़ा में भूस्खलन जोन सक्रिय है जिस कारण हल्की बारिश में पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिरने से हाईवे बंद हो रहा है। ऐसे में स्थानीय गांवों के जरूरतमंद लोगों को अगस्त्यमुनि पहुंचने तक दिक्कतें हो रही हैं। उन्होंने हाईवे पर सक्रिय भूस्खलन और डेंजर जोन के प्राथमिकता से ट्रीटमेंट की मांग की।