- अदालत के आदेश पर राजपुर पुलिस ने की कार्रवाई
माई सिटी रिपोर्टर
देहरादून। राजपुर थाना क्षेत्र में एक साइट इंचार्ज की पिटाई व लूट की शिकायत के बाद अदालत के आदेश पर मंगलवार को दो नामजद आरोपियों के साथ 15 अज्ञात महिलाओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। तिब्बतन काॅलोनी कुल्हान निवासी विनय कुमार सिंह ने अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट तृतीय के समक्ष प्रार्थनापत्र दाखिल किया था। पीड़ित ने बताया था कि वह खुरांवा में उदित गोयंका की भूमि पर साइट इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। आरोप लगाया कि बीती नौ दिसंबर को दो नामजद आरोपियों ने करीब 15 अज्ञात महिलाओं के साथ साइट पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से संदिग्ध चरित्र की महिलाओं को आगे कर टिन शेड में रखे औजार और कीमती सामान लूट लिया। जब घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की तो महिलाओं ने घेर लिया और मोबाइल छीनने का प्रयास करते हुए पिटाई कर दी। शिकायतकर्ता ने खुद को कैंसर से पीड़ित बताया है। उनका कहना है कि उन्होंने राजपुर थाने की पुलिस से लेकर एसएसपी कार्यालय में भी शिकायत की लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद अदालत की शरण लेनी पड़ी।