पछवादून और जौनसार-बावर क्षेत्र में साइबर अपराधियों का हमला लगातार जारी है। चकराता, विकासनगर और सहसपुर कोतवाली क्षेत्रों में अलग-अलग तरीकों से लोगों को झांसे में लेकर ठगों ने 6,24,595 रुपये की धोखाधड़ी की है।पीड़ितों की शिकायतों पर संबंधित थानों की पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। चकराता के ग्राम हरटाड़ संताड़ निवासी अनिल चौहान के अनुसार, किसी ने उनकी फेसबुक आईडी पर रिश्तेदार के नाम व फोटो से फर्जी प्रोफाइल बनाकर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। इसके बाद व्हाट्सएप पर बातचीत कर बैंक पासबुक की फोटो मंगाई और विदेशी बैंक से रुपये भेजने, वीजा, वर्क परमिट व ग्रीन कार्ड का झांसा देकर 1.26 लाख रुपये ठग लिए।वहीं, विकासनगर के हरबर्टपुर स्थित विवेक विहार निवासी गिरीश चंद्र डालाकोटी ने बताया कि उनकी पत्नी नीता डालाकोटी के दो बैंक खातों से 22 जून को कई अज्ञात ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के जरिये 1,71,095 रुपये निकाल लिए गए। सूचना देने के बाद भी बैंक और साइबर हेल्पलाइन से पूरी धनराशि वापस नहीं मिल सकी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी अनजान या संदिग्ध फ्रेंड रिक्वेस्ट को स्वीकार न करें। किसी के भी कहने पर अपनी बैंक पासबुक, ओटीपी या निजी जानकारी साझा न करें। साइबर अपराध होने पर बिना समय गंवाए तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं।