विकासनगर। एसीजेएम कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने किट्टी कमेटी के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में तीन महिलाओं के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
मामले में पूनम पोखरियाल पत्नी अभिनव पोखरियाल निवासी वार्ड नंबर 3 पहाड़ी गली विकासनगर ने एसीजेएम कोर्ट में एक प्रार्थनापत्र देकर वाद दायर किया था। इसमें उन्होंने तीन महिलाओं पर किट्टी के नाम पर उनके साथ धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया था। उनका आरोप था कि उक्त तीनों महिलाओं ने निर्धारित समय पर उनकी जमा पूंजी को नहीं लौटाया। उन्होंने मामले की शिकायत दिसंबर 2019 में एसएसपी कार्यालय से की थी। बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका। इसके बाद उन्होंने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। मामले में कोर्ट ने पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। इस पर पुलिस ने महिला की तहरीर पर सुमन पंवार पत्नी धर्म सिंह पंवार निवासी टैक्सी स्टैंड मसूरी देहरादून, चंद्रकांता बलूनी पत्नी सतीश बलूनी निवासी मसूरी और मीनू भटनागर पत्नी सतीश भटनागर निवासी गुरुद्वारा गली वार्ड नंबर 3 विकासनगर जनपद देहरादून के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाल राजीव रौथाण ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। विवेचना के तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।