चकराता कोतवाली पुलिस ने ऑनलाइन साइबर धोखाधड़ी के मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़ित के खाते से 1.14 लाख रुपये से अधिक की रकम निकाल ली गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने प्रकरण की जांच शुरू कर दी है और साइबर ठगी में शामिल आरोपियों की तलाश की जा रही है।
कोतवाली प्रभारी बीएल भारती ने बताया कि बिनसोन मशक निवासी नंदराम ने शिकायत देकर बताया कि 21 मई को एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। उसने पहले जन्मतिथि पूछी और इसके बाद वीडियो कॉल की। शिकायतकर्ता के अनुसार 28 मई को उनका मोबाइल नंबर बंद हो गया। इसके बाद 29 मई से एक जून के बीच उनके बैंक खाते से कुल 1,14,550 रुपये निकाल लिए गए।
पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान खाते से धन निकासी का कोई संदेश भी उनके मोबाइल पर प्राप्त नहीं हुआ। घटना की जानकारी होने पर उन्होंने पुलिस से कार्रवाई कर रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई। पुलिस बैंक खातों के लेनदेन, मोबाइल नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही साइबर सेल की मदद से आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।