महिला दारोगा के गायब होने की खबर से अधिकारी बेचैन रहे।
मुरादाबाद पुलिस ट्रेनिंग सेंटर (पीटीसी) से उत्तराखंड पुलिस की प्रशिक्षु महिला दारोगा के गायब होने से हड़कंप मच गया। 24 घंटे बाद अचानक उसके वापस आने पर अधिकारियों ने राहत की सांस ली। इधर पीएचक्यू ने महिला प्रशिक्षु के खिलाफ जांच के आदेश दिए है।
उत्तराखंड पुलिस में उप निरीक्षकों की सीधी भर्ती में चयनित 339 अभ्यर्थियों की इन दिनों पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय मुरादाबाद में ट्रेनिंग चल रही है। इनमें 101 महिला अभ्यर्थी भी शामिल हैं।
मु्ख्यालय ने माना गंभीर मामला
पुलिस मुख्यालय से जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि महिला प्रशिक्षु भावना बिष्ट 22 मई को सुबह दस बजे अनुमति लेकर बाजार गई थी। शाम तक वापस नहीं आई तो उसकी तलाश शुरू हुई। प्रशिक्षण केंद्र के अधिकारियों ने रात में महिला प्रशिक्षु की गुमशुदगी दर्ज कराने के साथ उत्तराखंड पुलिस को इसकी जानकारी दे दी।
खबर सुनकर परिजन भी बेचैन हो गए। खोजबीन के बीच अगले दिन 23 मई को प्रशिक्षु महिला दारोगा ट्रेनिंग सेंटर पर पहुंच गई। पुलिस मुख्यालय ने बताया कि यह गंभीर मामला है। वह किन परिस्थितियों में गायब हुई, उसकी जांच के आदेश दिए गए हैं।