- वीर केसरी चंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में स्पष्ट जानकारी मिलने तक आवेदन प्रक्रिया पर रोक की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। वीर केसरी चंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डाकपत्थर के महिला छात्रावास में आवेदन प्रक्रिया शुरू करने से पहले छात्रसंघ ने आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है। संघ ने शुल्क, भोजन, सुरक्षा और अन्य सुविधाओं की स्पष्ट जानकारी मिलने तक आवेदन प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की है।
श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार महिला छात्रावास के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की जानी थी। छात्रसंघ ने महाविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि छात्राओं से छात्रावास के शुल्क, भोजन, सुरक्षा और अन्य सुविधाओं की स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए। उसके बाद ही आवेदन शुरू किए जाएं।
छात्र संघ अध्यक्ष शुभम तोमर ने कहा कि छात्राओं को शुल्क और सुविधाओं की जानकारी पहले ही मिलनी चाहिए। अगर छात्रावास का शुल्क अधिक हुआ और उनको बाहर कम किराये का कमरा उपलब्ध हुआ तो छात्राएं वहां रहना पसंद करेंगी। छात्रसंघ पदाधिकारी ऋषिका और टीना नेगी ने कहा कि जानकारी स्पष्ट न होने के कारण छात्राएं असमंजस में हैं। उन्होंने मांग की है कि प्रशासन पहले सभी व्यवस्थाओं और शुल्क का विवरण सार्वजनिक करे, ताकि छात्राएं अपनी सुविधा के अनुसार निर्णय ले सकें। उन्होंने कहा कि पर्याप्त सुविधाएं और उचित शुल्क होने पर ही छात्राएं छात्रावास के आवेदन के लिए आगे आएंगी।
छात्र संघ की मांगों के संबंध में शासन को पत्र भेजकर छात्रावास शुल्क, भोजन, सुरक्षा और अन्य सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। शासन से सूचना प्राप्त होने पर छात्राओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध करा दी जाएगी। - डॉ. डीएस नेगी, प्राचार्य