गर्भवती महिलाओं के लिए सरकार ने खास सौगात दी है। प्रसव के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। पढ़िए पूरी खबर..श्रमिकों की महिलाओं को प्रसव के लिए 10 हजार रुपये का अनुदान दिया जाएगा। वहीं जिन मजदूरों को मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत उपचार नहीं मिल पा रहा है, उत्तराखंड भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड उनके इलाज का खर्च उठाएगा।
यह कहना है श्रम मंत्री डॉ.हरक सिंह रावत का। वे हरिद्वार रोड स्थित होटल में आयोजित महिला उद्यमिता एवं कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में संबोधित कर रहे थे।
राष्ट्रीय उद्यमिता एवं लघु व्यवसाय विकास संस्थान की ओर से आयोजित कार्यक्रम में श्रम मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड मजदूरों के हित में कार्य कर रहा है। बोर्ड की ओर से मजदूरों के हित में कई कल्याणकारी निर्णय लिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि मजदूरों की महिलाओं को बोर्ड द्वारा सिलाई मशीनें वितरित की जाएंगी। उनकी महिलाओं को प्रसव के लिए 10 हजार रुपये अनुदान दिया जाएगा, दो बेटियों को विवाह के लिए 51-51 हजार रुपये अनुदान, मजदूरों के बच्चों को पहली कक्षा से उच्च शिक्षा तक के लिए छात्रवृत्ति दी जाएगी। किसी छात्रा के एमबीबीएस में दाखिला लेने पर उसकी कुल फीस की आधी फीस का खर्च बोर्ड द्वारा वहन किया जाएगा।
मिस्त्री और पलम्बर आदि का कार्य करने वाले मजदूरों को 10 हजार तक के यन्त्र बोर्ड द्वारा मुफ्त उपलब्ध कराए जाएंगे और मजदूरों को आवास निर्माण हेतु चार प्रतिशत ब्याज पर ऋृण उपलब्ध कराया जाएगा। मजदूरों को सोलर लाइटें और उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस सिलेंडर मिलने पर गैस चूल्हे भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
इससे पहले श्रम मंत्री ने पूर्व में देहरादून जनपद की दो माह का प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी 200 महिलाओं को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि आगामी प्रशिक्षण में निसबड द्वारा देहरादून जनपद की 100 महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
निसबड द्वारा प्रशिक्षण में सिलाई, कढ़ाई, ऐपण आर्ट, पेपर ज्वैलरी, जूट बैग कुशन अचार और मुरब्बा आदि बनाना सिखाया जाता है। कार्यक्रम में घनसाली के विधायक शक्ति लाल, महानिदेशक निसबड रजनी सेखरी, सहायक श्रमायुक्त उमेश चन्द्र राय, क्षेत्रीय निदेशक निसबड डॉ.पूनम सिन्हा आदि मौजूद रहीं।