देहरादून। लैब टेक्नीशियनों ने वेतन कटौती के विरोध में देहरादून समेत प्रदेश भर में बुधवार को बांह पर काली पट्टी बांधकर ड्यूटी की। चेतावनी दी कि छह जुलाई से वह अन्न-जल त्यागकर सामूहिक रूप से उपवास कर ड्यूटी करेंगे। लैब टेक्नीशियनों का कहना है कि प्रदेशभर में तैनात लैब टेक्नीशियन अपना घर बार छोड़कर कोरोना काल में अपना काम कर रंहे हैं। अन्य संवर्गों की तरह उन्हें अलग से कोई भत्ता भी नहीं मिलता। उस पर उनका मनोबल बढ़ाना छोड़ वेतन कटौती की जा रही है। यही नहीं संवर्गीय ढांचा व सेवा नियमावली को लेकर भी सरकार उदासीन बनी हुई है। उत्तराखंड मेडिकल लैब टेक्नीशियन एसोसिएशन के प्रदेश महामंत्री मनोज मिश्रा ने कहा कि कोविड-19 की महामारी में अपनी जान की परवाह किए बिना सभी लैब टेक्नीशियन दिन-रात कार्य में जुटे हुए हैं। कोरोना संदिग्ध व संक्रमितों की सैंपलिंग का पूरा जिम्मा लैब टेक्नीशियनों पर है। इन परिस्थितियों में भी सरकार ने कर्मचारियों के वेतन में प्रतिमाह एक दिन की कटौती करने का निर्णय लिया है जो दुर्भाग्यपूर्ण है।