देहरादून। राजकीय जिला कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी में अब शवों को किसी वजह से दो या उससे अधिक दिन तक रखने में परेशानी नहीं होगी। दरअसल, स्वास्थ्य विभाग ने कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी के लिए दो डीप फ्रीजर खरीद लिए हैं। अब तक कानूनी कार्रवाई, परिजनों के आने तक या अज्ञात शवों को दो से अधिक दिन तक भी मोर्चरी में रखना पड़ता था। लेकिन डीप फ्रीजर न होने की वजह से शवों के खराब होने की संभावना रहती थी। दून अस्पताल के कोविड-19 अस्पताल के रूप में तब्दील होने के बाद यह समस्या बढ़ गई थी। सीएमओ डॉ. बीसी रमोला ने बताया कि कोरोनेशन अस्पताल के लिए दो डीप फ्रीजर मंगा लिए गए हैं। जिनमें प्रत्येक में एक साथ दो-दो शव रखे जा सकते हैं। कुछ दिन में इन डीप फ्रीजर को इंस्टाल कर दिया जाएगा।