दीक्षित के दो गोलों की मदद से केवी आईएमए ने शानदार जीत के साथ जिला स्तरीय जूनियर (अंडर-17) बालक फुटबाल प्रतियोगिता में दमदार आगाज किया। दूसरे मैच में केवी आईआईपी ने एक गोल से जीत दर्ज की।
जिला खेल कार्यालय के तत्वावधान में शुक्रवार को परेड ग्राउंड में प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच केवी आईएमए और एसजीआरआर सहस्रधारा रोड के बीच खेला गया।
मैच के चौथे मिनट में केवी आईएमए के दीक्षित ने गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। पंचम ने 15वें मिनट में केवी आईएमए के लिए दूसरा गोल दागा। 18वें मिनट में दीक्षित ने गोल कर स्कोर 3-0 कर दिया।
रोहित के गोल से बढ़त
24वें मिनट में रोहित के गोल से बढ़त 4-0 हो गई। इसके बाद एसजीआरआर ने बराबरी के लिए कई प्रयास किए लेकिन टीम को सफलता नहीं मिल सकी। पहले हाफ में केवी आईएमए 4-0 से आगे रही।
दूसरे हाफ में दोनों टीमें गोल करने के लिए जूझती रहीं लेकिन सफल नहीं हो सकी। केवी आईएमए ने 4-0 से जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बना ली।
केवी नंबर एक ने कई मूव बनाए
दूसरा मैच केवी आईआईपी और केवी नंबर एक हाथीबड़कला के बीच खेला गया। मैच के 15वें मिनट में केवी आईआईपी के पारस ने गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। बराबरी के लिए केवी नंबर एक ने कई मूव बनाए लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी।
दूसरा हाफ गोल रहित रहा और केवी आईआईपी ने 1-0 से मैच अपने नाम कर लिया। इससे पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सीबी थापा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस दौरान जिला खेल अधिकारी राजेश ममगाई उपस्थित थे।