हरिद्वार महाकुंभ मेले से संबंधित तीन मोटर मार्गों और एक सेतु निर्माण के लिए शासन ने केंद्रीय सड़क निधि के तहत 154 करोड़ 29 लाख 81 हजार की धनराशि मंजूर की। इसके साथ ही पहली किस्त के तौर पर 30.86 करोड़ की धनराशि भी जारी कर दी।
वहीं, हरिद्वार जिले में रुड़की-लक्सर बालावाली स्टेट हाईवे के दिन बहुरने की उम्मीद भी जग गई है। शासन ने मार्ग के चौड़ीकरण और सुधारीकरण के लिए पहली किस्त के तौर पर 13.37 करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी है। इस मार्ग की बदहाली को लेकर सत्तारूढ़ भाजपा के जनप्रतिनिधियों को खासा असहज होना पड़ रहा है। इसी मार्ग पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन कर सरकार के कामकाज पर सवाल उठाए थे।
मार्ग की हालत पिछले चार साल से काफी खराब है। केंद्रीय सड़क निधि के तहत मार्ग के चौड़ीकरण और सुधारीकरण को लेकर पूर्व में धनराशि स्वीकृत हुई थी, लेकिन काम शुरू नहीं हो सका। अब शासन स्तर पर 19 किमी लंबी सड़क के प्रस्ताव के लिए 66 करोड़ 85 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई है, जिसमें से पहली किस्त जारी कर दी गई है। अधिशासी अभियंता एनएच जीत सिंह रावत के मुताबिक, धनराशि स्वीकृत होने के साथ ही टेंडर की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जाएगी और जल्द से जल्द कार्य आरंभ किया जाएगा।
दो सड़कों, एक मोटर पुल के लिए भी राशि जारी
शासन ने भोगपुर-रायसी राज्य मार्ग के लिए भी 8.19 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है। 21 किमी इस मार्ग पर चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण का कार्य होना है। पहली किस्त के रूप में जारी धनराशि से टेंडर प्रक्रिया व शुरुआती चरण के कार्य आरंभ होंगे। करीब 21 किमी सरायबसेड़ी राज्य मार्ग को डबल लेन बनाया जाएगा। इस योजना के लिए 33 करोड़ 32 लाख 41 हजार रुपये स्वीकृत हुए हैं। शासन ने इसका कार्य आरंभ करने के लिए 6.66 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है। देहरादून जिले के लंबरपुर-लांघा मोटर मार्ग पर 180 मीटर आरसीसी बाक्स कल्वर्ट (सेतु) का निर्माण किया जाना है। इस प्रोजेक्ट के लिए 13 करोड़ 18 लाख 63 हजार रुपये की वित्तीय स्वीकृति हो चुकी है। इसमें से 2.64 करोड़ की धनराशि जारी की गई है।
गुणवत्ता में कमी रही तो होगी कार्रवाई : सुधांशु
सचिव लोनिवि आरके सुधांशु ने इंजीनियरों और ठेकेदारों को ताकीद किया कि महाकुंभ मेले से संबंधित सड़कों और पुलों के कार्यों की गुणवत्ता में कोई कमी नहीं होनी चाहिए। यदि कमी पाई गई तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। सचिवालय में समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने महाकुंभ के कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने और कार्य समय पर पूरा करने के आदेश भी दिए।