हरिद्वार कुंभ के दौरान कोरोना जांच घोटाले में शुक्रवार को एसआईटी ने फिर से सीएमओ हरिद्वार और मेला स्वास्थ्य अधिकारी के साथ ही उनके कार्यालयों में तैनात कई कर्मचारियों से पूछताछ की। इसके साथ ही स्वास्थ्य मेलाधिकारी कार्यालय से टेंडर प्रक्रिया से संबंधित कुछ कागजात भी अपने कब्जे में लिए।
कोरोना जांच फर्जीवाड़े की जांच कर रही एसआईटी की टीम ने शुरूआती पांच दिनों में सीएमओ हरिद्वार एसके झा, मेलाधिकारी स्वास्थ्य अर्जुन सेंगर व कोविड के नोडल अधिकारी डॉ. नरेंद्र त्यागी से पूछताछ की थी।
इसके बाद मैक्स कॉरपोरेट सर्विस के पार्टनर शरत व मल्लिका पंत, नलवा लैब हिसार के संचालक नवतेज नलवा, डॉक्टर लाल चंदानी लैब के संचालक अर्जन लाल चंदानी व उनके बेटे पवन लाल चंदानी और डीलर अनुदेश गोयल से सात दिनों तक पूछताछ की।
गुरुवार को एसआईटी ने गैर जमानती धारा 467 का इजाफा पहले से दर्ज मुकदमे में किया था। जांच अधिकारी राजेश शाह ने बताया कि शुक्रवार को सीएमओ एसके झा, मेलाधिकारी स्वास्थ्य अर्जुन सिंह सेंगर व उनके कार्यालय में तैनात कुछ कर्मचारियों से पूछताछ करने के बाद बयान दर्ज किए गए हैं।