अमेरिकन इंडिया फाउंडेशन (एआईएफ) की ओर से राजकीय इंटर कॉलेज हरबर्टपुर में एक दिवसीय कार्यशाला लगा। इसमें विज्ञान और गणित के 23 शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। शिक्षकों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और साइबर सिक्योरिटी के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यशाला का उद्घाटन खंड शिक्षा अधिकारी विकासनगर वीपी सिंह और राइंका हरबर्टपुर प्रधानाचार्य अवनींद्र बड़थ्वाल ने किया। बीईओ वीपी सिंह ने बताया कि विभाग ने फाउंडेशन के साथ एमओयू किया है। फाउंडेशन 6-12वीं तक के छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और साइबर सिक्योरिटी का सर्टिफिकेट कोर्स कराएगा। उन्होंने कहा तकनीक के इस युग में साइबर सिक्योरिटी का ज्ञान बेहद जरूरी है। प्रधानाचार्य अवनींद्र बड़थ्वाल ने कहा कि शिक्षकों और छात्रों के लिए यह कोर्स बेहद फायदेमंद है। फाउंडेशन के जिला समन्वयक किरन चंदोला ने शिक्षकों को दोनों कोर्स के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पूरी तरह निशुल्क यह कोर्स सभी शिक्षकों और छात्रों के दैनिक जीवन में भी काम आएंगे।