जिला मुख्यालय में कचहरी से सटे एक ढाबे पर देर रात जुआ खेलने के दौरान हुई छुरेबाजी में दो कांस्टेबल, भाजपा नेता, उसका भाई एवं ढाबा स्वामी घायल हो गए। गंभीर अवस्था में दोनों कांस्टेबलों को जौलीग्रांट के हिमालयन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सिडकुल पुलिस ने मुख्य आरोपी भेलकर्मी को हिरासत में ले लिया है जबकि उसका भतीजा एवं अन्य आरोपी हत्थे नहीं चढ़ सके। पुलिस ने मामले में तीन नामजद सहित कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
आरोप है कि उस वक्त तो भेलकर्मी अनिल वहां से चला गया, मगर कुछ देर बाद भेलकर्मी अपने भतीजे रजत, नवीन एवं अन्य कुछ साथियों के साथ ढाबे पर पहुंचा और शुभम पर हमला कर दिया। इस दौरान वहां मौजूद शुभम के बीच बचाव में आए कांस्टेबल अरुण कोटनाला, कांस्टेबल जितेंद्र कुमार, भाजपा नेता सौरभ शर्मा, उसके भाई गौरव शर्मा निवासीगण नया हरिद्वार कालोनी एवं ढाबा स्वामी भरतू पर भी आरोपियों ने छुरे से हमला किया गया।
छुरेबाजी में दोनों कांस्टेबल समेत पांच लोग घायल हो गए। मारपीट करने के बाद भेलकर्मी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। इधर, घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी जन्मेजय प्रभाकर खंडूरी, एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय, एसओ देवराज शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सभी घायलों को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से दोनों कांस्टेबलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जौलीग्रांट रेफर कर दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी भेलकर्मी अनिल को हिरासत में ले लिया।
एसएसपी ने बताया कि कांस्टेबलों की हालत खतरे से बाहर है। एक कांस्टेबल अरुण की आजकल पुलिस लाइन में ड्यूटी चल रही है, जबकि जितेंद्र की तैनाती ज्वालापुर कोतवाली में है। बताया कि पीड़ित शुभम राठी का आर्यनगर के पास वाशिंग स्टेशन है। बताया कि मामले में शुभम राठी की तहरीर पर भेलकर्मी अनिल चौधरी, रजत, नवीन व अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।