कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलन कर रहे किसानों के आठ दिसंबर को भारत बंद के समर्थन में देहरादून के भी विपक्षी संगठन साथ आ गए हैं। रविवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय में बैठक कर किसानों के आंदोलन को समर्थन देने पर चर्चा की गई।
बैठक में तय किया गया कि सभी संगठनों के पदाधिकारी मिलकर आठ दिसंबर को गांधी पार्क के सामने केंद्र सरकार के विरोध में धरना देंगे। उन्होंने तय किया कि सभी विपक्षी संगठनों का भारत बंद को पूर्ण समर्थन रहेगा। बैठक का संचालन डॉ.राकेश पाठक ने किया।
इस मौके पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ.सत्यनारायण सचान, कांग्रेस नेता सुरेंद्र अग्रवाल, सीपीआई नेता शरद भंडारी, भाकपा प्रदेश सचिव एसएस सजवाण, यूकेडी नेता पीसी थपलियाल, सुभाष पवार, राजेंद्र चौधरी, प्रदीप चौधरी आदि मौजूद रहे।
उक्रांद और ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस ने किसान आंदोलन का समर्थन किया
उत्तराखंड क्रांति दल और ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस ने किसानों के आंदोलन और प्रस्तावित आठ दिसंबर के भारत बंद के ऐलान का समर्थन किया है। यूकेडी के केंद्रीय अध्यक्ष दिवाकर भट्ट ने रविवार को केंद्रीय कार्यालय में मीडिया से बातचीत में कहा कि आठ दिसंबर को भारत बंद के समर्थन में सभी लोगों को आगे आना चाहिए।
उन्होंने कहा कि दल के कार्यकर्ता और पदाधिकारी किसान आंदोलन को अपना पूरा समर्थन दें और बंद को सफल बनाने के लिए प्रभावी भूमिका निभाएं। दल के केंद्रीय संगठन मंत्री संजय बहुगुणा ने कहा कि केंद्र सरकार को किसानों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के अध्यक्ष कुलतारन सिंह अटवाल ने कहा कि पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड की ट्रांसपोर्ट यूनियन एवं एसोसिएशन से जुड़े लाखों ट्रक व्यवसाई किसान परिवारों से आते हैं। इनको खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संगठन किसानों की मांगों को लेकर इन लोगों के साथ संघर्षरत हैं। मीडिया से वार्ता के दौरान युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट, यूकेडी नेता शिव प्रसाद सेमवाल आदि मौजूद रहे।