कुछ दिनों पहले देहरादून के लालतप्पड़ में किडनी खरीद-फरोख्त गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया। जिसका फरार चल रहा मुख्य आरोपी डॉ अमित पुलिस की गिरफ्त में आ गया है। पुलिस ने आरोपी को पंचकूला के एक होटल से पकड़ा है।
आप को बता दें कि पुलिस काफी लंबे समय से आरोपी अमित शर्मा का फोन ट्रैक कर रही थी लेकिन आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था जिसके चलते आरोपी को पकड़ा पुलिस के लिए सिर दर्द साबित हो रहा था। लेकिन अपनी महिला मित्र से बात करने की चाह को अमति शर्मा नहीं रोक सका और पुलिस को जैसे ही आरोपी की लोकेशन का पता लगा पुलिस ने बिना किसी देरी के आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक लालतप्पड़ में किडनी खरीद-फरोख्त का भंडाफोड़ होने के बाद डॉ.अमित यहां से भागकर सीधे पंचकूला पहुंचा था, जहां पर अपने एक पुराने परिचित साहिल पुरी के आवास पर गया था, यहां पर वह ज्यादा समय नहीं ठहरा। यहां से उसने अपने नए नंबर से सूरत में बात की। बार-बार मोबाइल नंबर बदलने के बावजूद पुलिस ने उसका आखिरी नया नंबर मालूम कर लिया।
पुलिस ने डॉ.अमित के पुराने नंबर की काल डिटेल से एक संदिग्ध नंबर निकाला, जिस पर इस नए नंबर से लगातार बात हो रही थी। पड़ताल की तो यह नंबर उसकी महिला मित्र का पाया गया । आरोपी ने कानूनी शिकंजे से बचने के लिए पुलिस को रिश्वत देने की कोशिश भी की लेकिन उसका दांव नहीं चला।