रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे डोलिया मंदिर की पास रविवार रात्रि से बंद पड़ा है। यहां भारी भूस्खलन से सड़क पर गहरी दरारें पड़ गई हैं। भारी कीचड़ होने से पैदल आवाजाही भी बंद हो गई है।
केदारघाटी में लगातार बारिश से 76 किमी रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे कई जगहों पर अति संवेदनशील हो गया है। जगह-जगह पर मलबा गिरने से रुद्रप्रयाग से गुप्तकाशी के बीच भी दिनभर यातायात बाधित हो रहा है। दूसरी तरफ डोलिया मंदिर के समीप खाट गांव के नीचे हाईवे रविवार देर रात से बंद पड़ा है। यहां पर पहाड़ी से भारी भूस्खलन होने से सड़क पर काफी बड़े क्षेत्र में गहरी दरारें पड़ गई हैं।
इन दरारों के कारण हाईवे का बड़ा हिस्सा ध्वस्त होने का खतरा बढ़ गया है। मलबे के कारण करीब 200 मीटर हिस्से में कीचड़ हो रखा है, जिससे पैदल आवाजाही भी नहीं हो रही है। हाईवे बंद होने से सोमवार को फाटा, सोनप्रयाग और गौरीकुंड में सब्जी, दूध व अन्य सामान की सप्लाई नहीं हो पाई।
एनएच के अधिशासी अभियंता जितेंद्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि लगातार हो रही बारिश से भूस्खलन नहीं थम रहा है, जिससे सड़क पर कीचड़ हो रहा है। ऐसे में सुधारीकरण कार्य नहीं हो पा रहा है। प्रभावित क्षेत्र में स्थायी मरम्मत के लिए मंदाकिनी नदी किनारे से पुश्ता निर्माण कर सड़क को सुरक्षित किया जाएगा। दूसरी तरफ बरसात के चलते कोटी बैंड-धरियांज, लमगौंडी-देवलीभणिग्राम सहित तीन संपर्क मार्ग भी बंद पड़े हैं।